पानी की तलाश में भटके हिरन का कुत्तों ने किया शिकार
वन विभाग ने किया वन अपराध दर्ज, सोनाघाटी प्लांटेशन में हुआ दाह संस्कार
बैतूल। जंगल से पानी की तलाश में भटककर नेशनल हाईवे किनारे पहुंचे एक हिरन को आवारा कुत्तों ने अपना शिकार बना लिया। घटना सोनाघाटी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां वन्य प्राणियों की संख्या अधिक होने के कारण अक्सर जानवर जंगल से बाहर आ जाते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक हिरन जंगल से निकलकर पानी की तलाश में नेशनल हाईवे के पास पहुंच गया था। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। मौके पर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।सूचना मिलते ही बैतूल रेंज अफसर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल हिरन को कब्जे में लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने परीक्षण के बाद हिरन को मृत घोषित कर दिया।
पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद हिरन का शव वन विभाग को सौंप दिया गया। बैतूल रेंज अफसर के अनुसार मामले में वन अपराध दर्ज किया गया है और मृत हिरन का सोनाघाटी प्लांटेशन क्षेत्र में विधिवत दाह संस्कार किया गया।वन विभाग ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ पानी की कमी के कारण वन्य प्राणी अक्सर जंगल से बाहर आ जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
