Monday, March 2, 2026
Homeवन विभागसमयमान वेतनमान और एरियर्स के लिए रिश्वत मांगने का वन रक्षक की...

समयमान वेतनमान और एरियर्स के लिए रिश्वत मांगने का वन रक्षक की पत्नी ने लगाया आरोप

समयमान वेतनमान और एरियर्स के लिए रिश्वत मांगने का वन रक्षक की पत्नी ने लगाया आरोप

वन रक्षक की पत्नी ने कलेक्टर और मुख्य वन संरक्षक से की शिकायत

बैतूल। दक्षिण वन मंडल में पदस्थ स्थापना शाखा के बाबू पर समयमान वेतनमान और एरियर्स की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। खेड़ी सांवलीगढ़ निवासी संतोषी उईके ने कलेक्टर, वन मंडल अधिकारी और मुख्य वन संरक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में संतोषी ने बताया कि उनके पति मुकेश उईके आमला रेंज की ठानी बीट में वन रक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनका समयमान वेतनमान और एरियर्स की राशि पिछले करीब छह वर्षों से लंबित है, जबकि इसका आदेश वर्ष 2022 में जारी हो चुका है। आरोप है कि दक्षिण वन मंडल कार्यालय की स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू तरेंद्र बचले जानबूझकर प्रकरण लंबित रखे हुए हैं और राशि जारी करने के लिए एक माह का वेतन रिश्वत के रूप में मांग रहे हैं। रिश्वत न देने पर फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही है।
संतोषी ने बताया कि उनके पति लंबे समय से शुगर और बीपी के मरीज हैं, जिनकी दवाइयों पर हर माह हजारों रुपये खर्च होते हैं। वहीं पुत्र तुषार उईके के पेट में गंभीर बीमारी है और उसका ऑपरेशन आवश्यक है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इलाज कराने में असमर्थ है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि साथ में पदस्थ अन्य कर्मचारियों को समयमान वेतनमान और एरियर्स की राशि मिल चुकी है, केवल उनके पति का प्रकरण लंबित रखा गया है।
शिकायत में समयमान वेतनमान और एरियर्स की राशि तत्काल जारी कराने, रिश्वत मांगने के आरोप की निष्पक्ष जांच कर संबंधित बाबू के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा एक सप्ताह में प्रकरण का निराकरण करने की मांग की गई है। संतोषी ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वह वन मंडल कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठने को बाध्य होंगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित बाबू की होगी।

 

यह भी पढ़े

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य खबरे