कई आपराधिक मामलों के चालान गुम करने वाले एसआई पवन कुमरे को एसपी ने किया निलंबित
बैतूल | जिले में दर्ज कई आपराधिक मामलों के चालान गुम होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर लापरवाही के आरोप में उप निरीक्षक पवन कुमरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक पवन कुमरे की थाना कोतवाली, जिला बैतूल में पदस्थापना अवधि के दौरान उन्हें अनुसंधान के लिए कई आपराधिक प्रकरण सौंपे गए थे। इन मामलों में चोरी, मारपीट, धमकी, शासकीय कार्य में बाधा और महामारी अधिनियम से जुड़े अपराध शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि संबंधित प्रकरणों के चालान आज दिनांक तक माननीय न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किए गए और वर्तमान में गुम बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली से प्राप्त प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि चालानों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया, जिसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने उप निरीक्षक पवन कुमरे, वर्तमान पदस्थापना थाना गंज, जिला बैतूल को निलंबित कर रक्षित केंद्र बैतूल से संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और रक्षित केंद्र की नियमित गणनाओं में उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
पुलिस विभाग के इस कदम को न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
