वन सुरक्षा समिति की राशि से रेंजर अर्दलियों को दे रहे तनख्वाह
साहब के बंगले पर तैनात है सफाई कर्मी,महिला कुक ओर बर्तन कपड़े के लिए अर्दली
बैतूल। उत्तर वन मंडल की शाहपुर रेंज से एक गंभीर अनियमितता सामने आ रही है, जहां वन सुरक्षा समितियों की राशि के दुरुपयोग के आरोप लग रहे हैं। जानकारी के अनुसार रेंजर स्तर के अधिकारी द्वारा निजी उपयोग के लिए समिति की राशि का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक रेंजर साहब के बंगले पर सफाई कर्मी, महिला कुक और बर्तन-कपड़े के लिए अलग से अर्दली तैनात हैं। इन सभी कर्मचारियों का मासिक वेतन वन सुरक्षा समितियों के खाते से दिया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि शाहपुर रेंज की 7 समितियों से हर महीने करीब ₹25-25 हजार रुपये निकाले जा रहे हैं। इस तरह कुल मिलाकर लगभग ₹1.75 लाख की राशि हर माह आहरित की जा रही है। इस पैसे का उपयोग घरेलू कामकाज और अन्य निजी खर्चों में किए जाने की बात सामने आ रही है।
इसके अलावा वाहन मरम्मत जैसे कार्यों में भी समिति की राशि खर्च किए जाने के आरोप हैं। सूत्रों का कहना है कि रेंजर का दबाव इतना अधिक है कि सर्किल प्रभारी भी मजबूरी में समितियों के खातों से यह राशि निकाल रहे हैं।
अब सवाल यह उठता है कि वन सुरक्षा समितियों के नाम पर मिलने वाली यह बड़ी राशि आखिर किन-किन मदों में खर्च हो रही है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
इनका कहना है ।
कुछ स्थायी कर्मियों से ही काम लिया जा रहा है समिति से किसी भी अर्दली को कोई तनख्वा नही फि जारही है ।समिति से सम्बंधित कोई शिकायत है तो मुझे बताये मैं जांच के बाद ही कुछ बता पाऊंगा ।
उत्तम सिंह सस्त्या
एसडीओ,शाहपुर
