सामाजिक वानिकी वृत्त बैतूल में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की हुई शिकायत,बाबू राज में शिकायत हुई गायब
रोपणियों में फर्जी बिल, घटिया निर्माण और नियम विरुद्ध प्रभार देने के लगे थे आरोप
बैतूल। जिले के सामाजिक वानिकी वृत्त में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की एक लिखित शिकायत भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष तथा सिंधिया फैंस क्लब बैतूल के जिला अध्यक्ष दिनेश यादव प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख मध्यप्रदेश भोपाल ओर सामाजिक वानिकी के जिला प्रभारी अधिकारी को शिकायत पत्र प्रेषित कर सामाजिक वानिकी वृत्त बैतूल की विभिन्न रोपणियों में गंभीर अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की थी शिकायत के पन्द्रह दिनों बाद भी कोई कार्यवाही नही होने पर जब शिकायत कर्ता ने अंदर खाने से पता किया तो पता चला है सामाजिक वानिकी में बाबू राज में शिकायत फ़ाइल दबा दी गई है हालांकि शिकायत कर्ता ने एपी सीसीफ सामाजिक वानिकी विभाष ठाकुर को उनके निजी नम्बर पर वाट्सप किया है इसके अलावा वन बल प्रमुख को भी शिकायत दी गई है जंहा से शिकायत कर्ता को उम्मीद है कि देर सबेर कार्यवाही ज़रूर होगी ।
यह हुई है शिकायत
दिनेश यादव ने शिकायत में बताया कि सामाजिक वानिकी वृत्त बैतूल में नियमों के विरुद्ध कार्यवाहक एसडीओ जमाल सिंह धारवे को डीडीओ का प्रभार दिया गया है, जबकि यह प्रभार वरिष्ठ एसडीओ को दिया जाना चाहिए था। इसके अलावा कार्यवाहक उपवनक्षेत्रपालों को वन क्षेत्रपाल का प्रभार दिया गया है, जो शासन के नियमों के विपरीत है और इससे वित्तीय अनियमितताओं को बढ़ावा मिल रहा है।
शिकायत में आरोग्य वाटिका रोपणी में सागौन के बेड निर्धारित संख्या से कम बनाने, पॉलीथिन भराई में गोबर खाद और कीटनाशक का उपयोग नहीं करने, घटिया मिट्टी भरने और वनरक्षक नाका निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाया गया है। रोपणीयो में डब्ल्यूबीएम रोड निर्माण केवल कागजों में दिखाने, पॉलीथिन भराई में फर्जी बिल लगाने तथा सागवानी रोपणी में भवन मरम्मत कार्य केवल कागजों में दर्शाने और जेसीबी मशीन से कार्य कराकर फर्जी मजदूरों के नाम से भुगतान करने की शिकायत भी की गई है।
इसके साथ ही सापना और गंजाल रोपणियों में भी मशीन से मार्ग निर्माण कर राशि फर्जी श्रमिकों के नाम से निकालने, पॉलीथिन भराई में गोबर खाद और कीटनाशक का उपयोग नहीं करने और फर्जी बिलों के माध्यम से राशि आहरित करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि सामाजिक वानिकी वृत्त बैतूल की अधिकांश रोपणियों में इसी प्रकार की अनियमितताएं हो रही हैं और कार्यशालाओं के नाम पर भी शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। दिनेश यादव ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों तथा कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
