आठनेर वन परिक्षेत्र में झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अवैध सागौन चरपट जप्त
बैतूल। दक्षिण वन मण्डल की आठनेर(मोर्शी) रेंज में सागौन के अवैध परिवहन की सूचना पर वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अवैध सागौन चरपट को जप्त किया है।
मुखबिर से मिली सूचना पर वनमण्डलाधिकारी दक्षिण बैतूल एल.के. वासनिक एवं उपवनमंडलाधिकारी मुलताई संजय साल्वे के निर्देश में वन परिक्षेत्र अधिकारी आठनेर अतुल भोयर द्वारा एक विशेष गश्ती दल का गठन किया गया। गश्ती दल ने बेलकुंड से सोनेरा डेम मार्ग पर नाले के किनारे झाड़ियों में छुपाई गई सागौन चरपट 08 नग (0.201 घनमीटर) बरामद की।
जप्त सामग्री को मध्यप्रदेश वनोपज व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1), 15 के तहत पी.ओ.आर. प्रकरण क्रमांक 928/98 दिनांक 22/11/2025 में दर्ज किया गया है। जप्त वनोपज की अनुमानित कीमत 12,462 रुपए बताई गई है। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में वनपाल मंगल सिंह सिकरवार, वनरक्षक केशव राने, खेलेंद्र राहंगडाले, संजूलाल उईके, वाहन चालक नूर मोहम्मद, दैनिक वेतनभोगी दयाल पवार एवं सुरक्षा श्रमिक बिशन वाडिवा का विशेष योगदान रहा।
