Saturday, March 21, 2026
Homeक्राइमकृष्ण जैसे दोस्त को सुदामा ने पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के...

कृष्ण जैसे दोस्त को सुदामा ने पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

कृष्ण जैसे दोस्त को सुदामा ने पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

ज़रा सी लालच ने छीन ली वर्दीधारी की साँसें

मुलताई पुलिस ने अंधे कत्ल का किया सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बैतूल।मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम हरदौली–चैनपुर के बीच झिरी नाले में मिले विशेष सशस्त्र बल के जवान की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली लालच ने दोस्ती को खून में बदल दिया और वर्दीधारी जवान को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रंजीत सिंह सरयाम (45) निवासी ग्राम हिररी, थाना चौरई, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। वे 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल छिंदवाड़ा में पदस्थ थे और ई कंपनी उमरिया में तैनात थे। रंजीत 6 जनवरी 2026 से ड्यूटी से अनुपस्थित थे।
पत्थर से सिर कुचलकर की हत्या, नाले में फेंका शव
मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुदामा पिंजारे ने लूट की नीयत से अपने ही साथी रंजीत सिंह पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर सिर कुचल दिया। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को झिरी नाले में फेंक दिया गया। आरोपी मृतक की मोटरसाइकिल व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी और साइबर टीम ने खोला राज
शव का सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान मुश्किल थी, लेकिन वर्दी पर लगी नेम प्लेट से सुराग मिला। सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान होने पर मृतक की पत्नी ने शव की पुष्टि की।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में मृतक के साथ एक अन्य व्यक्ति बाइक पर दिखाई दिया। साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने सुदामा पिंजारे को कामथ रोड से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या और लूट की बात कबूल कर ली।
दोस्त को बचाने में फंसा दूसरा आरोपी
जांच में यह भी सामने आया कि रामदयाल उर्फ बबलू ने मुख्य आरोपी को बचाने और साक्ष्य छिपाने में मदद की थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
₹1.15 लाख का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक की मोटरसाइकिल, मोबाइल, पर्स, बैग, नकदी सहित करीब ₹1,15,000 मूल्य का सामान जप्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी
सुदामा पिता जोगी पिंजारे (37) – निवासी डहुआ ढाना, थाना मुलताई
रामदयाल उर्फ बबलू पिता स्व. नत्थू खवसे (36) – निवासी परमंडल
पुलिस टीम को मिली सराहना
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने इस जघन्य हत्याकांड के त्वरित एवं पेशेवर खुलासे पर थाना मुलताई पुलिस और पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया है।

यह भी पढ़े

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

अन्य खबरे